रायगढ़,27 मार्च (आरएनएस)। जिले के तमनार क्षेत्र में महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट और बदसलूकी के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस प्रकरण में फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले पुलिस सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 9 हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, गारे–पेलमा सेक्टर-1 कोयला खदान के विरोध में ग्रामीणों द्वारा 12 दिसंबर 2025 से धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। 27 दिसंबर को जब पुलिस और प्रशासन की टीम मार्ग बहाल कराने मौके पर पहुंची, तब प्रदर्शन उग्र हो गया और भीड़ ने पुलिस बल पर हमला कर दिया। इस दौरान कई जवान घायल हुए।
इसी अफरा-तफरी के बीच भीड़ ने एक महिला पुलिस अधिकारी पर हमला कर दिया। वहीं, जान बचाकर भाग रही एक महिला आरक्षक को खेत में पकड़कर उसके साथ मारपीट, बदसलूकी और अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया था, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो बनाने वाले आरोपी संजय मेहर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने वीडियो अपने साथी माधव गुप्ता उर्फ माधो बीसी को भेजा था, जिसने इसे व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया। पुलिस ने माधव गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया है और दोनों आरोपियों से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, घटना से जुड़े कुल 16 अपराध तमनार थाने में दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
====
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

