बिलासपुर, 28 मार्च (आरएनएस) जिले के कोटा क्षेत्र स्थित एक पर्यटन विभाग संचालित रिसॉर्ट में कथित तौर पर हिरण का मांस पकाए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कोटा से करीब 14 किलोमीटर दूर कुरदर वैली रिसॉर्ट में वन्यजीव संरक्षण कानून का उल्लंघन किया जा रहा है। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे टीम ने छापा मारा। मौके पर किचन के बाहर चूल्हे पर संदिग्ध मांस पकता हुआ पाया गया। टीम ने पका हुआ मांस, कढ़ाई और अन्य सामग्री जब्त कर ली।
4 आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट मैनेजर रजनीश सिंह, कर्मचारी रमेश यादव, संजय वर्मा और रसोइया रामकुमार टोप्पो को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों से देर रात करीब 11:15 बजे बेलगहना रेस्ट हाउस में पूछताछ की गई।
मुख्य आरोपी फरार
पूछताछ में मैनेजर और कर्मचारियों ने खुद को मामले से अनभिज्ञ बताया और जिम्मेदारी रसोइए पर डाल दी। वहीं रसोइया रामकुमार टोप्पो ने खुलासा किया कि सुबह गांव का एक व्यक्ति जनक बैगा मांस देकर उसे पकाने को कहा था। वन विभाग के अनुसार, इस मामले का मुख्य आरोपी जनक बैगा फरार है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
जांच के लिए भेजा गया मांस
जब्त किए गए मांस को जांच के लिए जबलपुर लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मांस हिरण का था या किसी अन्य जंगली जानवर का।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बताया जा रहा है कि संबंधित रिसॉर्ट पर्यटन विभाग के अधीन संचालित होता है और यहां 8 से 10 कर्मचारी कार्यरत हैं। वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
०००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

