नई दिल्ली 28 March, (Rns): विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। समय रहते सतर्कता बरतने से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान सुरक्षित रही।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-579 विशाखापत्तनम से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान अचानक विमान के एक इंजन में खराबी आ गई। पायलट को जैसे ही तकनीकी समस्या का संकेत मिला, तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी गई।
इसके बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अलर्ट जारी करते हुए रनवे-28 पर इमरजेंसी घोषित की गई। पूरी तैयारी के बीच विमान को सुरक्षित लैंड कराया गया। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में करीब 160 यात्री सवार थे, जो सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं, हालांकि घटना के दौरान यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल जरूर बन गया।
सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 10:39 बजे इमरजेंसी की घोषणा की गई, जबकि विमान ने लगभग 10:59 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। एयरलाइंस की ओर से बताया गया है कि तकनीकी गड़बड़ी की सूचना मिलते ही एहतियातन यह फैसला लिया गया।
इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा कि सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को सुरक्षित उतारा गया है। मामले की जांच की जा रही है ताकि तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके।

