रांची 29 मार्च (आरएनएस)। झारखंड की राजनीति में इन दिनों तेज हलचल देखने को मिल रही है। लातेहार और लोहरदगा जिलों में एक के बाद एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम सामने आए हैं, जिससे राजनीतिक समीकरण बदलने के संकेत मिल रहे हैं। लातेहार में आजसू पार्टी के पूर्व विधायक प्रत्याशी श्रवण पासवान ने अपने समर्थकों के साथ एआईएमआईएम पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। यह शामिलीकरण रांची स्थित एआईएमआईएम कार्यालय में लातेहार जिला अध्यक्ष मोहम्मद शाहबाज के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर और प्रदेश महासचिव (संगठन) महताब आलम ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर नन्द कुमार यादव, मोहम्मद आरिफ, अजय भुइयां, मोहम्मद दानिश, नब्बू भुईयां समेत बड़ी संख्या में लातेहार के लोग ने भी एआईएमआईएम का दामन थामते हुए पार्टी के प्रति अपना समर्थन जताया। इस घटनाक्रम को लातेहार की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
वहीं, लोहरदगा में भी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष (अल्पसंख्यक) मोहम्मद आफताब ने अपने समर्थकों के साथ एआईएमआईएम में शामिल होने का फैसला किया। रांची स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर और प्रदेश महासचिव (संगठन) महताब आलम ने उन्हें सदस्यता दिलाई।
पार्टी ने मोहम्मद आफताब को लोहरदगा जिला संयोजक की जिम्मेदारी भी सौंपी है। इस दौरान अलीफान अंसारी, मंजूर अंसारी और शकील अहमद सहित कई समर्थकों ने भी एआईएमआईएम की सदस्यता ग्रहण की। इन दोनों घटनाओं को झारखंड की राजनीति, खासकर लातेहार और लोहरदगा जिलों में एआईएमआईएम के बढ़ते प्रभाव और संभावित सियासी बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

