बागेश्वर,29 मार्च (आरएनएस)। बागेश्वर की ग्राम पंचायत शीशाखानी के राजस्व ग्राम सैमधार और शीशाखानी में इन दिनों गुलदार और जंगली सुअरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीण दहशत में हैं। हालात को देखते हुए वन विभाग ने गांवों में पिंजरा लगाने के साथ ही अनायडर मशीन भी स्थापित कर दी है। वन क्षेत्राधिकारी केवलानंद पांडे ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से लगातार क्षेत्र में गुलदार दिखने की सूचना मिल रही थी। कई स्थानों पर गुलदार की गतिविधियां बढऩे के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सैमधार में पिंजरा लगाया है, ताकि गुलदार को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जा सके। उन्होंने बताया कि विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पडऩे पर अतिरिक्त कदम भी उठाए जाएं।वहीं ग्राम प्रधान राजेंद्र जनौटी ने बताया कि गांव में हर दिन गुलदार की मौजूदगी देखी जा रही थी। अब तक कई मवेशियों को वह अपना शिकार बना चुका है, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से भय के साए में जी रहे हैं और शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। इसके अलावा क्षेत्र में जंगली सुअरों का आतंक भी कम नहीं है। सुअर लगातार खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

