नवाबगंज (गोण्डा) 30 मार्च। क्षेत्र के तुलसीपुर माझा गांव के होनहार युवक नवनीत तिवारी ने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए संघ लोक सेवा आयोग के घोषित परिणाम में बीडीओ पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।
तुलसीपुर माझा गांव के बलुहा मजरे निवासी बिन्देश्वरी तिवारी के छोटे पुत्र नवनीत तिवारी ने इंटरमीडिएट और स्नातक तक की पढ़ाई अयोध्या जनपद के देवगढ़ गांव स्थित अपने ननिहाल में रहकर पूरी की। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रयागराज का रुख किया, जहां निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
नवनीत के बड़े भाई मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। बेहद सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाले नवनीत की माता प्रमिला तिवारी गृहिणी हैं। बेटे की इस उपलब्धि से पूरा परिवार भावुक और गौरवान्वित है।
नवनीत की सफलता की खबर मिलते ही ग्राम प्रधान लालजी सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उनके घर पहुंचे और मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

