मरांडी के आरोप राजनीतिक द्वेष से प्रेरित, कांग्रेस का पलटवार
झारखंड में कानून का शासन, भाजपा फैला रही भ्रम: कांग्रेस
सोनम वांगचुक मामला याद दिलाकर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा
जांच एजेंसियों पर दबाव बनाना भाजपा की पुरानी रणनीति: आलोक दूबे
रांची 30 मार्च (आरएनएस)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी के बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो लोग स्वयं संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को धूलधूसरित करने का इतिहास रखते हैं, वही आज नैतिकता की दुहाई दे रहे हैं।
दूबे ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा झारखंड सरकार और माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह राजनीतिक द्वेष से प्रेरित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य की जांच एजेंसियां कानून के दायरे में स्वतंत्र रूप से कार्य कर रही हैं और किसी भी मामले में न्यायिक प्रक्रिया का पालन सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। देशभर में ऐसे कई उदाहरण हैं जहां कानून का उल्लंघन हुआ, लोगों को महीनों तक हिरासत में रखा गया और बाद में बिना ठोस आधार के रिहा करना पड़ा। लद्दाख के प्रसिद्ध पर्यावरण और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को लगभग 170 दिनों की हिरासत के बाद रिहा किया जाना इसका ताजा उदाहरण है। ऐसे सैकड़ों उदाहरण मौजूद हैं जहां कानून का दुरुपयोग हुआ और बाद में सच्चाई सामने आने पर लोगों को छोडऩा पड़ा। दूबे ने कहा कि झारखंड में कानून का शासन है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाता है, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। लेकिन भाजपा जिस तरह से बिना तथ्यों के आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, वह निंदनीय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं का उद्देश्य केवल राजनीतिक माहौल को दूषित करना और जांच एजेंसियों पर अनावश्यक दबाव बनाना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों पर काम कर रही है और किसी भी जांच को प्रभावित करने का सवाल ही नहीं उठता। जहां तक विनय कुमार चौबे की बात है एक अच्छे अधिकारी के रुप में अपनी पहचान उन्होंने बनाई और अगर कुछ गड़बड़ी की शिकायत आई तो कानून का भी सम्मान किया है। दूबे ने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर सच्चाई सामने आएगी। सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाने वाले खुद अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने रखें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

