रांची 30 मार्च (आरएनएस)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ , एनएसयूआई के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने रांची विश्वविद्यालय का घेराव कर नर्सिंग छात्रों से जुड़े गंभीर शैक्षणिक मुद्दों पर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन विशेष रूप से बेसिक बीएससी नर्सिंग एवं पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग के विभिन्न बैचों की लंबित परीक्षाओं, अधूरे रजिस्ट्रेशन और शैक्षणिक अव्यवस्था के विरोध में किया गया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बताया कि बेसिक बीएससी नर्सिंग 2020-24 बैच के कई छात्रों के रजिस्ट्रेशन नंबर अब तक अधूरे हैं। वहीं 2021-25 बैच के चौथे वर्ष की परीक्षा अब तक आयोजित नहीं की गई है। 2022-26 बैच के केवल दो सेमेस्टर की परीक्षाएं हुई हैं, जबकि 2023-27 बैच के सिर्फ एक सेमेस्टर की परीक्षा ली गई है। इसके अतिरिक्त 2024-28 बैच के छात्रों का रजिस्ट्रेशन और परीक्षा दोनों ही लंबित हैं। इसी प्रकार पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग 2023-25 बैच के द्वितीय वर्ष की परीक्षा अब तक नहीं हुई है, जबकि 2024-26 बैच के छात्रों का रजिस्ट्रेशन और परीक्षा दोनों ही लंबित हैं। इन सभी समस्याओं के कारण छात्रों का शैक्षणिक भविष्य अधर में लटका हुआ है, जिससे उनमें गहरी नाराजगी देखी जा रही है।
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि सभी लंबित परीक्षाओं के लिए अविलंब परीक्षा कार्यक्रम एवं शैक्षणिक कैलेंडर जारी किया जाए। साथ ही सभी सेमेस्टर एवं वर्ष की परीक्षाओं की तिथि शीघ्र घोषित कर छात्रों को राहत प्रदान की जाए।
इस आंदोलन में एनएसयूआई झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष बिनय उरांव, प्रदेश उपाध्यक्ष अमन अहमद, प्रदेश महासचिव मुसर्रफ हुसैन, रांची विश्वविद्यालय अध्यक्ष कैफ अली, रांची महानगर अध्यक्ष सतीश केशरी, प्रदेश महासचिव पवन नाग सहित अमृतांशु कुमार,इलयास अंसारी, आर्यन कुमार, अब्दुल्ला रहमान, सूरज पटेल, मुजम्मिल अंसारी (चांद), सुदेश मुंडा, रितिक साहू, हर्ष केशरी, अमनदीप महतो, संजीत कुमार एवं निपुन पांडे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
वहीं नर्सिंग छात्र संघ की ओर से अब्दुस समद, नमित कुमार यादव, शुभम महतो, नवलेश हांसदा एवं अभिषेक कुमार ने भी आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रदेश अध्यक्ष बिनय उरांव ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण नर्सिंग छात्रों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। यदि जल्द ही परीक्षा कार्यक्रम और शैक्षणिक कैलेंडर जारी नहीं किया गया, तो एनएसयूआई राज्यव्यापी आंदोलन करने को बाध्य होगी।”
रांची विश्वविद्यालय अध्यक्ष कैफ अली ने कहा कि छात्रों के साथ यह अन्याय किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन को तत्काल सभी लंबित कार्यों को पूरा करना होगा, अन्यथा आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
रांची महानगर अध्यक्ष सतीश केशरी, ने कहा नर्सिंग छात्रों के साथ हो रही लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।विश्वविद्यालय तुरंत परीक्षा तिथि घोषित करे, अन्यथा आंदोलन तेज होगा। वही अमन अहमद, पवन नाग और अमृतांशु कुमार ने संयुक्त बयान जारी किया कि छात्रों का भविष्य दांव पर है, यह लापरवाही अस्वीकार्य है। विश्वविद्यालय तत्काल परीक्षा कार्यक्रम जारी करे, अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा।
अंत में एनएसयूआई झारखंड की ओर से विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी गई कि यदि छात्रों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो संगठन द्वारा व्यापक स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

