रांची 30 मार्च (आरएनएस)। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा की लिटरेरी सोसाइटी द्वारा आयोजित प्रमुख साहित्यिक कार्यक्रम रोस्त्र 2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस कार्यक्रम में छात्रों ने विभिन्न साहित्यिक प्रतियोगिताओं, प्रस्तुतियों और वाद-विवाद कार्यक्रमों में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत रामचरितमानस के पिनाक भंजन प्रसंग पर आधारित एक नाटक से हुई, जिसके बाद छात्रों द्वारा कविता प्रस्तुतियाँ दी गईं। दूसरे दिन की शुरुआत यूथ पार्लियामेंट से हुई, जिसमें छात्रों ने संसद की कार्यवाही का रूप प्रस्तुत करते हुए चर्चा और वाद-विवाद में भाग लिया। इस दिन इंकवेल इन्क्वायरी नामक साहित्यिक क्विज भी आयोजित की गई, जो कवियों, लेखकों और साहित्यिक ज्ञान पर आधारित थी। स्पीकर डिलेमा प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनके बोलने के तरीके, अभिव्यक्ति और शारीरिक हाव-भाव के आधार पर किया गया। इसके अलावा स्पेल बी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें अलग-अलग स्तर के प्रतिभागियों के लिए अलग नियम रखे गए।
वाक युद्ध नामक कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित हुआ, जिसमें पहले प्रतिभागियों ने दिए गए विषय पर कविता लिखी और फिर कविता प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
रोस्त्र 2026 में आगे यूथ पार्लियामेंट के सत्र आयोजित हुए, इसके बाद न्यूज़रूम कार्यक्रम हुआ, जिसमें टीम के रूप में समाचार वाचन, त्रुटि सुधार, तात्कालिक रिपोर्टिंग और सामाजिक-राजनीतिक चर्चा शामिल थी। काया पलट कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अलग-अलग पात्रों का अभिनय और प्रस्तुति दी। 7आरसीआर कार्यक्रम में यूथ पार्लियामेंट और न्यूज़रूम के विजेताओं के बीच सामाजिक-राजनीतिक बहस कराई गई। कार्यक्रम के अंतिम चरण में कवि सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनाएँ प्रस्तुत कीं। अंत में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

