अंबिकापुर, 30 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में आवारा कुत्तों द्वारा 15 वन्यप्राणियों को मार डालने की घटना के बाद वन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। अब वन क्षेत्रों और वन्यजीव अभयारण्यों में आवारा कुत्तों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
यह निर्णय सरगुजा वनमंडल स्थित संजय वाटिका में 20-21 मार्च की रात हुई दर्दनाक घटना के बाद लिया गया है, जहां आवारा कुत्तों ने बाड़े में घुसकर 15 शाकाहारी वन्यप्राणियों का शिकार कर लिया था। इस घटना ने वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) अरुण कुमार पाण्डेय ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वन क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
वन विभाग ने घटना की जांच के लिए पहले ही एक उच्च स्तरीय समिति गठित कर दी है, जो सुरक्षा में हुई चूक और जिम्मेदारों की भूमिका की जांच करेगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस उपाय किए जा रहे हैं।
वन विभाग के इस फैसले को वन्यप्राणियों की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

