लखनऊ 30 मार्च (आरएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान वंचित एवं कमजोर वर्ग के कक्षा 9 एवं 10 तथा दशमोत्तर के 27,99,982 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 3,350 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। साथ ही राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 33,334 आश्रित लाभार्थियों को 100 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की गई।इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने छात्रों में उत्साह का संचार करते हुए भारत माता की जय एवं वंदे मातरम के उद्घोष के साथ कार्यक्रम को ऊर्जावान बनाया और मुख्यमंत्री का स्वागत कियाराज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन, सुरक्षा एवं सांस्कृतिक गौरव के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने अनुशासन, स्पष्ट दृष्टिकोण और सेवा भाव से यह सिद्ध किया है कि राजनीति जनसेवा का प्रभावी माध्यम है।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में छात्रवृत्ति वितरण का कार्य 25 सितंबर से प्रारंभ हुआ और जनवरी 2026 तक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के माध्यम से 20,12,258 छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा चुकी है। 30 मार्च को 13,52,357 अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को भी छात्रवृत्ति वितरित की गई।राज्यमंत्री ने आगे बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा 33,64,615 छात्र-छात्राओं को लगभग 2700 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में पहली बार प्रदेश में पात्र छात्रों को 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने में सफलता प्राप्त हुई है, जबकि पूर्व में अनेक छात्र इससे वंचित रह जाते थे।उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में पिछड़े वर्ग की बेटियों के विवाह हेतु 232 करोड़ रुपये की धनराशि से 1,16,000 परिवारों को अनुदान प्रदान किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी प्रत्येक पात्र छात्र-छात्रा को शत-प्रतिशत छात्रवृत्ति प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए सरकार निरंतर कार्य करती रहेगी।कार्यक्रम में पंचायती राज, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज मंत्री ओम प्रकाश राजभर, समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, राज्य मंत्री संजीव गोंड, अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी तथा लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

