बलौदाबाजार, 30 मार्च (आरएनएस)। जिले के गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां शादी का झांसा देकर युवती के साथ संबंध बनाने और बाद में मुकर जाने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवती की आत्महत्या के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक, गिरौदपुरी निवासी युवती का अजय टंडन नामक युवक से प्रेम संबंध था। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर युवती के साथ संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। 25 जनवरी 2026 को युवती ने आरोपी को अपने घर बुलाकर शादी की बात की, जिस पर उसने साफ मना कर दिया।
इससे आहत होकर युवती ने उसी दिन आत्महत्या का प्रयास किया। उसने पहले अपनी कलाई काटी और फिर कीटनाशक का सेवन कर लिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों ने युवती को पहले कसडोल और फिर बलौदाबाजार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 1 फरवरी 2026 को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर गिरौदपुरी चौकी में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश की गई। जांच के दौरान पुलिस ने अजय टंडन (31 वर्ष), निवासी ग्राम बलौदा (हसुवा), थाना गिधौरी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देने और बाद में मुकरने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के इस व्यवहार से युवती मानसिक रूप से आहत हुई, जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

