जगदलपुर,बस्तर, 30 मार्च 2026 (आरएनएस)— खेल मैदान से चोरी हुई बाइक को जंगल में छुपाकर बच निकलने की कोशिश करने वाले आरोपियों का खेल तब खत्म हो गया जब बस्तर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया और पूरी वारदात का खुलासा कर दिया। थाना फ्रेजरपुर (परपा) क्षेत्र के ग्राम नियानार खासपारा में 29 मार्च को उस वक्त हड़कंप मच गया जब खेल मैदान से प्रार्थी सुदर्शन कश्यप की होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG-17-KP-3538 अचानक गायब हो गई, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई, शिकायत मिलते ही थाना परपा में अपराध क्रमांक 73/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया और पुलिस तुरंत एक्टिव हो गई। पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के निर्देशन में टीम ने जांच शुरू की, आसपास के संदिग्ध युवाओं पर नजर रखी गई और संदेह के आधार पर हिमांशु सेना, उम्र 33 वर्ष और फिरोज सुता, उम्र 25 वर्ष, दोनों निवासी संजय गांधी वार्ड रेलवे कॉलोनी जगदलपुर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली और बताया कि बाइक को परपा जंगल में छुपाकर रखा है। पुलिस टीम ने आरोपियों के निशानदेही पर जंगल में दबिश दी और गवाहों के सामने चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली, इसके बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मो. तारिक हरीश के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सुधीर मिश्रा, लवण पानीग्राही, शत्रुधन घर दीवान, आरक्षक महेंद्र कोमरे, गुमान सिंह, शंकर चांदने और नीरज सिंग की अहम भूमिका रही। यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि चोरी करके बच निकलना अब आसान नहीं, पुलिस की नजर हर संदिग्ध पर है और अपराध की हर चाल का जवाब कानून के पास तैयार है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

