भोपाल 30 मार्च (आरएनएस)। राजधानी भोपाल में देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना कोलार क्षेत्र के प्रभात चौराहे की है, जहां बदमाशों ने मामूली विवाद के बाद युवक के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सोमवार सुबह गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम कर दिया। पुलिस की समझाइश के बाद करीब आधे घंटे में जाम खुल सका। इस दौरान परिजन का पुलिस से विवाद भी हुआ। परिजन हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ थाना परिसर में प्रदर्शन किया।
अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि मामूली विवाद में हत्या हुई है। तीन संदेहियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक विजय मेवाड़ा सुभाष कॉलोनी का रहने वाला था। वह अशोका गार्डन और कोलार इलाके में चाय की दो होटल चलाता था। रविवार देर रात करीब 1:30 बजे वह होटल बंद कर कर्मचारियों को छोडऩे प्रगति नगर गया था।
यहां मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम अपने साथियों फरमान, कालू और इमरान के साथ बैठा था। सभी मृतक के कर्मचारियों के पुराने दोस्त बताए जा रहे हैं।
आरोपियों ने कर्मचारियों को अपने साथ चलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने सुबह जल्दी काम होने का हवाला देकर मना कर दिया। इस पर आरोपियों ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। विजय ने इसका विरोध किया। उसने आसिफ को ‘बेटाÓ कहकर समझाने की कोशिश की। इसी बात पर विवाद बढ़ गया।
पुलिस के अनुसार, गुस्साए आसिफ ने चाकू निकालकर विजय के पेट में घोंप दिया। उसके साथियों ने भी मारपीट की। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल विजय को कर्मचारी और स्थानीय लोग फौरन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के विरोध में सकल हिंदू समाज ने थाने का घेराव कर हनुमान चालीसा का पाठ किया और समय सीमा पूरी होने के बाद चक्का जाम भी किया।
एसीपी उमेश तिवारी के अनुसार फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

