जांजगीर-चांपा, 02 मार्च (आरएनएस) पामगढ़ थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट और तोडफ़ोड़ करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही 4 आरोपियों और एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को पकड़ चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया दिलेश्वरी यादव ने 23 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 10 बजे घर के बाहर गाली-गलौच और विवाद की आवाज सुनाई दी। बाहर जाकर देखने पर गांव के शैलेन्द्र साहू, राजकुमार धीवर, अंशु पटेल सहित अन्य लोग विवाद कर रहे थे। मना करने पर आरोपियों ने एक राय होकर गाली-गलौच शुरू कर दी और धमकी देने लगे।इसके बाद आरोपियों ने घर के बाहर मौजूद परिजनों के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। कुछ देर बाद सभी आरोपी बेल्ट, ईंट और डंडा लेकर दोबारा पहुंचे और घर का दरवाजा धक्का देकर अंदर घुस गए। उन्होंने प्रार्थिया के पति हिमांशु श्रीवास और जेठ गुलशन श्रीवास के साथ मारपीट की तथा घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर नुकसान पहुंचाया।मामले में थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 115(2), 191(3), 333 और 324(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।इस प्रकरण में फरार आरोपी पंकज कश्यप (25 वर्ष), निवासी ब्यासनगर वार्ड नंबर 10 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

