जांजगीर-चांपा, 02 मार्च (आरएनएस)। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिर्रा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी और ताश की गड्डियां भी जब्त की हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सोनादह स्थित आम बगीचे में जुआ खेले जाने की सूचना पर बिर्रा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर छापेमार कार्रवाई की। मौके पर 12 लोग जुआ खेलते पाए गए, जिन्हें तत्काल पकड़ लिया गया। जांच में दो अलग-अलग फड़ संचालित होना पाया गया, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए।कार्रवाई के दौरान जुआरियों के पास से कुल 15,970 रुपये नकद और ताश की गड्डियां बरामद की गईं। पकड़े गए आरोपी जांजगीर-चांपा, सक्ती और बिलाईगढ़-सारंगढ़ जिलों के रहने वाले हैं, जिससे यह अंतरजिला जुआ नेटवर्क का मामला भी सामने आया है।
इस पूरी कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अंजाम दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रेड कर सफलता हासिल की।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

