जांजगीर-चांपा, 02 अप्रैल (आरएनएस) । सिटी कोतवाली पुलिस ने किराना दुकान में हुई चोरी का महज कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब 10 हजार रुपये का किराना सामान भी बरामद कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, वीरगहनी निवासी शोभाराम साहू ने 1 अप्रैल को थाना जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 मार्च की रात वह अपनी किराना दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह जब दुकान पहुंचा तो ताला टूटा मिला और अंदर रखा करीब 10 हजार रुपये का राशन सामान गायब था। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में दो युवक संदिग्ध हालत में घूमते नजर आए। बारीकी से जांच के बाद उनकी पहचान अमित पटेल (19 वर्ष) और राजवीर सिंह राजपूत (19 वर्ष), दोनों निवासी वीरगहनी के रूप में हुई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में पहले तो आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनके कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।
०



