० नशे के खिलाफ अभियान के तहत फरहदा गांव में रेड, शराब बनाने के उपकरण भी जब्त
बिलासपुर, 02 अप्रैल (आरएनएस)। बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम फरहदा के डिपरापारा में सीपत पुलिस ने रेड कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चल रहे नशा के विरुद्ध अभियान के तहत की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी, जहां आरोपी के पास से भारी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी अशोक केंवट (29 वर्ष) के कब्जे से करीब 31 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 11,400 रुपये बताई जा रही है। साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जैसे एलुमिनियम का बर्तन (डेचका) और पाइप लगे स्टील के बर्तन भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(च) और 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सीपत पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

