० 48 घंटे के भीतर पुलिस की कार्रवाई, एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की बड़ी सफलता
रायपुर, 02 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ वीडियो वायरल करना दो युवकों को भारी पड़ गया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आजाद चौक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 48 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामला उस वक्त सामने आया जब एक युवक का अवैध कट्टे के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी (पश्चिम जोन) संदीप पटेल ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की सोशल मीडिया विंग ने वायरल वीडियो का तकनीकी विश्लेषण कर मुख्य आरोपी की पहचान कुलेश्वर उर्फ सोनू साहू (24 वर्ष) निवासी रामसागर पारा, आजाद चौक के रूप में की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह कट्टा पंडरी निवासी शिखर द्विवेदी (20 वर्ष) से लिया था। इसके बाद पुलिस टीम ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 01 नग अवैध कट्टा जब्त किया है। दोनों के खिलाफ थाना आजाद चौक में आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

