रायपुर, 02 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी के ग्रामीण क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरिया का है, जहां घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और पुत्री की बेरहमी से हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी नवनीत कुमार साहू ने थाना विधानसभा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बहन हेमलता साहू पिछले दो वर्षों से ग्राम सेमरिया में गुलाब राम साहू के साथ रह रही थी। 1 अप्रैल 2026 को सूचना मिली कि हेमलता और उसकी बेटी चित्रा साहू की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचने पर दोनों मृत अवस्था में मिलीं, जिनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे।
घटनास्थल पर खून से सनी टंगिया और कांसे का लोटा भी बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि गुलाब राम साहू ने इन्हीं हथियारों से दोनों की हत्या की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घरेलू विवाद के चलते हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और घटना में प्रयुक्त हथियारों को जप्त कर आगे की कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलाब राम साहू (55 वर्ष), निवासी ग्राम सोनसरी, जिला जांजगीर-चांपा (वर्तमान निवास सेमरिया, रायपुर) के रूप में हुई है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

