दुर्ग, 02 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में वाहन किराये के नाम पर ठगी के बड़े मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और गिरवी रखे गए 10 वाहन बरामद कर लिए। इस कार्रवाई के लिए वाहन मालिकों और कांग्रेस नेता अय्यूब खान ने पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से मुलाकात कर आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश सचिव अय्यूब खान ने थाना मोहन नगर क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग वाहन किराये पर लेने के नाम पर मालिकों से गाडिय़ां लेकर उन्हें अन्य स्थानों पर गिरवी रख रहे हैं और न तो किराया दे रहे हैं, न ही वाहन वापस कर रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर जिला क्राइम ब्रांच, नगर पुलिस अधीक्षक और मोहन नगर थाना पुलिस को जांच सौंपी गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया और अलग-अलग स्थानों से सभी वाहन बरामद कर लिए।
जांच में सामने आया कि आरोपी माँ लक्ष्मी टूर एंड ट्रेवल्स के नाम से वाहन किराये पर लेते थे, लेकिन मालिकों को भुगतान नहीं करते थे और वाहनों को गिरवी रख देते थे।
पुलिस ने इस मामले में अमित कुमार सिंह (28 वर्ष), निवासी राजनांदगांव और वरुण सलामे (25 वर्ष), निवासी डोंगरगढ़ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9 चार पहिया वाहन और 1 मोटरसाइकिल समेत कुल 10 वाहन जब्त किए गए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
महिंद्रा स्कॉर्पियो, अर्टिगा, थार, स्विफ्ट, टाटा पंच, वरना, बलेनो सहित अन्य वाहन और एक बुलेट मोटरसाइकिल शामिल हैं।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन किराये पर देने से पहले संबंधित व्यक्ति या संस्था का सत्यापन अवश्य करें और बिना वैधानिक दस्तावेज के वाहन न दें।
इस दौरान अय्यूब खान, अधिवक्ता वर्षा देवांगन सहित कई वाहन मालिक उपस्थित रहे और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

