भोपाल 2 अप्रैल (आरएनएस)। बंसल वन बिल्डिंग के बाहर 2 युवकों को कार से घसीटकर बाहर निकाला गया। इसके बाद 4-5 युवकों ने उन्हें जमकर पीटा। युवकों को लात-घूंसे और थप्पड़ भी मारे गए। मारपीट के दौरान कुछ लड़कियां बीच-बचाव करती दिख रही हैं। मामला हबीबगंज थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, वारदात बुधवार रात 1 बजकर 30 मिनट के आसपास की है। युवकों को करीब 10 मिनट तक पीटा गया, जिससे उन्हें कई जगह चोटें आई हैं। वहीं, विवाद के कारण 10-15 मिनट तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
पीडि़त दर्पण सिंह ने बताया कि वह डिजिटल मार्केटिंग का काम करता है। बुधवार रात वह दोस्तों के साथ खाना खाने रेस्टोरेंट गया था। यहां पहचान की एक युवती से पुरानी बातों को लेकर बहस हो गई। रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद जब वह बंसल वन मॉल के बाहर निकला, तो आरोपी आदित्य और अन्य लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
युवक ने बताया कि जिस युवती से होटल में विवाद हुआ था, उसी ने आदित्य और अन्य को हमला करने के लिए बुलाया था। रेस्टोरेंट के बाहर आरोपी पहले से उसका इंतजार कर रहे थे। जैसे ही उनकी कार बाहर निकली, उसे रोक लिया गया। इसके बाद बीच सड़क पर उनकी पिटाई की गई।
हमले के दौरान बचाव कर रहे उसके दोस्त को भी चोटें आई हैं। आरोपियों के हमले से उनके साथ मौजूद महिला मित्र सहम गई थीं। वह भी बचाने का प्रयास करती रहीं, लेकिन आरोपी बेरहमी से पीटते रहे।
विवाद के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया। वीडियो में दिख रहा है कि 4-5 लड़के मॉल की ओर से बाहर निकलते हैं। मॉल के बाहर एक लाल रंग की कार खड़ी है, जिसमें 2 युवक बैठे थे। पास में 2-3 लड़कियां भी मौजूद हैं।
इस दौरान 4-5 लड़के दोनों युवकों को कार से बाहर खींचते हैं, कॉलर पकड़कर जमीन पर पटक देते हैं। वहीं दूसरे युवक की भी कॉलर पकड़कर पिटाई करते हैं। इस दौरान 3 युवक लगातार थप्पड़ और घूंसे मारते दिख रहे हैं, जबकि 2 अन्य युवक लात-घूंसे मार रहे हैं।
थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि फरियादी दर्पण सिंह (30) की शिकायत पर आरोपी आदित्य और अन्य के खिलाफ मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

