भोपाल 2 अप्रैल (आरएनएस)। मध्य प्रदेश में शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए गुरुवार को ऑनलाइन लॉटरी के जरिए 1 लाख 6 हजार बच्चों को स्कूल आवंटित कर दिए गए। यह प्रक्रिया राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा ऑनलाइन आयोजित की गई, जिसका लाइव प्रसारण भी किया गया।
प्रदेश के करीब 22 हजार निजी स्कूलों में 1 लाख 22 हजार 551 सीटों के लिए कुल 1 लाख 78 हजार 714 आवेदन प्राप्त हुए थे। सत्यापन के बाद पात्र बच्चों को लॉटरी के जरिए स्कूल आवंटित किए गए।
लॉटरी के जरिए आवंटन में करीब 51 हजार बच्चों को उनकी पहली पसंद के स्कूल मिले हैं। शेष बच्चों को उपलब्ध विकल्पों के आधार पर अन्य स्कूल आवंटित किए गए।
राज्य शिक्षा केंद्र ने पूरी प्रक्रिया सिंगल क्लिक सिस्टम के माध्यम से पूरी की। आवंटन के बाद अभिभावक आरटीई पोर्टल पर जाकर स्कूल की जानकारी देख सकते हैं और आवंटन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
अभिभावकों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी स्कूल आवंटन की सूचना भेजी गई है, जिससे उन्हें तुरंत जानकारी मिल सके।
जिन बच्चों को स्कूल आवंटित हुआ है, उनके अभिभावकों को 3 अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच संबंधित स्कूल में जाकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इस दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा।
स्कूल स्तर पर एडमिशन के दौरान मोबाइल ऐप के जरिए छात्र की उपस्थिति दर्ज की जाएगी। फोटो और ओटीपी वेरिफिकेशन के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यदि कोई निजी स्कूल प्रवेश देने से इनकार करता है, तो अभिभावक जिला परियोजना समन्वयक या बीआरसी कार्यालय में शिकायत कर सकते हैं। ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिन बच्चों को पहले चरण में सीट नहीं मिली, वे 15 अप्रैल के बाद दोबारा विकल्प भर सकेंगे। रिक्त सीटों पर दूसरे चरण में फिर से लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

