रायपुर,02 मार्च (आरएनएस) सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ वीडियो पोस्ट कर उसे वायरल करना दो युवकों को भारी पड़ गया। रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
मामला तब सामने आया जब एक युवक ने हाथ में अवैध कट्टा लेकर उसका प्रदर्शन करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया। वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और आजाद चौक थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। सोशल मीडिया विंग ने वीडियो का तकनीकी विश्लेषण कर आरोपी की पहचान कुलेश्वर उर्फ सोनू साहू (24 वर्ष), निवासी रामसागर पारा, थाना आजाद चौक के रूप में की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि अवैध कट्टा उसे शिखर द्विवेदी (20 वर्ष), निवासी एकता चौक सड्डू, थाना पंडरी से मिला था। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के कब्जे से एक नग अवैध कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना आजाद चौक में आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना गंभीर अपराध है, जिससे समाज में भय और असुरक्षा का माहौल बनता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

