०विभिन्न मंदिरों में किया दर्शन एवं रामायण कार्यक्रम में हुईं शामिल
नगरी,03 अप्रैल (आरएनएस)। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक अंबिका मरकाम ने क्षेत्र के विभिन्न हनुमान मंदिरों में पहुंचकर भगवान हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए तथा समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं उन्नति के लिए मंगलकामनाएं कीं।इस पावन अवसर पर विधायक मरकाम ग्राम उमरगाँव एवं ग्राम शिवपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता निभाई। उन्होंने हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी से क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
ग्राम उमरगाँव एवं शिवपुर में आयोजित रामायण कार्यक्रम में सम्मिलित होकर विधायक मरकाम ने श्रद्धालुओं के साथ भक्ति भाव से रामकथा का श्रवण किया और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हनुमान जयंती केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि यह शक्ति, सेवा, समर्पण एवं सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला उत्सव है।विधायक मरकाम ने अपने संदेश में कहा कि भगवान हनुमान जी की कृपा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, साहस एवं एकता का संचार होता है। ऐसे आयोजनों से समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना का विकास होता है, जो समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के उपाध्यक्ष भानेंद्र ठाकुर, जनपद सदस्य प्रमोद कुंजाम, पार्षद मिक्की गुप्ता, जयंती साहू, तामेश्वरी साहू, मयंक ध्रुव, पिंकी यदु सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्ति का वातावरण देखने को मिला। रामायण पाठ, भजन-कीर्तन एवं पूजन कार्यक्रमों के माध्यम से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

