कोंडागांव, 03 अप्रैल (आरएनएस)। कृषि उत्पादन आयुक्त एवं प्रमुख सचिव, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, नवा रायपुर के निर्देशानुसार जिले के किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक निर्धारित दर पर समय पर उपलब्ध कराने तथा इन आदानों से संबंधित कालाबाजारी, जमाखोरी, अधिक मूल्य पर विक्रय, अमानक सामग्री के विक्रय एवं गैर-कृषि उपयोग जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। इस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से किसानों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उप संचालक कृषि द्वारा जारी आदेशानुसार नियंत्रण कक्ष में विभिन्न अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं, जो शिकायतों के पंजीयन, जांच एवं निराकरण की कार्यवाही करेंगे। जारी आदेश के अनुसार अनुविभागीय कृष अधिकारी डिसेन कुमार कश्यप (मो. 8319972182) को नियंत्रण कक्ष प्रभारी, वरिष्ठ कृषि अधिकारी सुरेश कतलाम (मो. 8770818006) एवं देवमणि मरकाम (मो. 8319762805) को सहायक कक्ष प्रभारी और कृषि विकास अधिकारी किशन बती ठाकुर (मो. 9340442894) को नियंत्रण कक्ष सहायक और सहायक ग्रेड 03 केशनाथ नाग (मो. 9993261447) को सदस्य बनाया गया है।
नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र के कृषि अधिकारियों को सूचित कर स्थल निरीक्षण कराया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। साथ ही बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक के लाइसेंसधारी विक्रेताओं की नियमित जांच भी सुनिश्चित की जाएगी। अमानक अथवा नकली कृषि आदान सामग्री पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह समस्त कार्यवाही बीज अधिनियम 1966, उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 एवं कीटनाशक अधिनियम 1968 के प्रावधानों के अंतर्गत की जाएगी।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि कृषि आदानों से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत नियंत्रण कक्ष में दर्ज कराएं, जिससे समय पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

