जांजगीर-चांपा, 3 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक महिला पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गोधना में 2 अप्रैल को आरोपी भोलाशंकर कश्यप (60 वर्ष) ने पारिवारिक जमीन विवाद के चलते अपनी रिश्तेदार निर्मला कश्यप पर टांगी से हमला कर दिया। घटना के समय महिला घर में अकेली थी।
इसी दौरान घर लौटे प्रार्थी विशाल कश्यप पर भी आरोपी ने हमला करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी, जिससे उसके हाथ में चोट आई। अंदर जाकर देखने पर उसकी पत्नी निर्मला कश्यप बेहोश हालत में मिली, जिसके सिर पर गंभीर चोट लगी थी और खून बह रहा था।घायल महिला को तत्काल नवागढ़ के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया तथा घटना में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) और 331(7) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

