जांजगीर-चांपा, 3 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म, जबरन शादी और मारपीट के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीडि़ता ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी प्रमोद निराला (21 वर्ष), निवासी अमरताल, ने पिछले तीन वर्षों से जान-पहचान का फायदा उठाते हुए उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया और नाबालिग होने के बावजूद उससे शादी कर ली।
पीडि़ता ने बताया कि 31 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी ने शराब के नशे में उसके साथ डंडे से मारपीट की, जिससे उसके हाथ, कोहनी और घुटने में चोटें आईं। पीडि़ता के अनुसार आरोपी पहले भी उसे लगातार प्रताडि़त करता रहा है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीडि़ता ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
0000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

