जांजगीर-चांपा, 3 अप्रैल (आरएनएस)। जिले की कोतवाली जांजगीर पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी को आरोपियों ने दोस्ती के जाल में फंसाकर उसके अश्लील फोटो और वीडियो हासिल कर लिए। इसके बाद दिसंबर 2025 से अलग-अलग इंस्टाग्राम आईडी बनाकर आरोपी उन फोटो-वीडियो को पीडि़ता और उसके परिजनों को भेज रहे थे तथा 70 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। पैसा नहीं देने पर फोटो वायरल करने की धमकी भी दी जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर तकनीक की मदद से इंस्टाग्राम आईडी से जुड़े मोबाइल नंबरों का पता लगाया गया, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान प्रेम कुमार सूर्यवंशी (21 वर्ष) और शिवम भवानी (19 वर्ष), निवासी पाली नैला के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पहले तो आरोपी गुमराह करते रहे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपराध करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
0000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

