कबीरधाम 4 अप्रैल (आरएनएस) अवैध सट्टा गतिविधियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है और इसी कड़ी में पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मिरमिटी में एक युवक को सट्टा संचालित करते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया, जहां योगी ऑटो पार्ट्स दुकान के सामने खुलेआम चल रहे इस अवैध खेल का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। पूरा मामला 03 अप्रैल 2026 का है जब कबीरधाम पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक युवक मौके पर बैठकर सट्टा पर्ची लिख रहा है और अवैध रूप से जुआ चला रहा है, सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और अमित पटेल तथा डीएसपी आशीष शुक्ला के मार्गदर्शन में पिपरिया थाना टीम ने बिना देर किए घेराबंदी कर दबिश दी और मौके पर पहुंचते ही आरोपी को सट्टा लिखते रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण नाथ योगी, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई, जो मौके पर बैठकर लोगों से दांव लगवा रहा था, तलाशी के दौरान उसके पास से सट्टा पर्ची, नीली स्याही का डॉट पेन और नगद 750 रुपये बरामद किए गए, जो इस अवैध धंधे का सीधा सबूत बने। पुलिस ने पूरे मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 06 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। कबीरधाम पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसे अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर समय रहते कार्रवाई हो सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

