बिलासपुर, 30 जून (आरएनएस)। रतनपुर पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश अब भी जारी है।
पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को भेलवापारा कलमीटार निवासी युवक ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने घर के आंगन में मौजूद था, तभी रतनपुर निवासी ईशान सारथी, सोम उर्फ रोशन निर्मलकर (रजक), निखिल रजक उर्फ एलियन और उनके साथियों ने चाकू अड़ाकर उसका अपहरण कर लिया। आरोपियों ने उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर कोरबाभांवर जंगल ले गए।
पीडि़त के अनुसार, जंगल में आरोपियों ने गांजा फैलाकर उसकी तस्वीरें खींचीं और फिर उसके परिवार को फोन कर यह कहलवाया कि वह गांजा मामले में पुलिस के हत्थे चढ़ गया है तथा छुड़ाने के लिए 50 हजार रुपये की जरूरत है। सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने पहले ही दो आरोपी निखिल रजक उर्फ एलियन और ईशान सारथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी सोम उर्फ रोशन निर्मलकर (20 वर्ष), निवासी महामायापारा, रतनपुर, के घर आने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

