पटना ,04 अपै्रल ,(आरएनएस)। राजधानी पटना में एलपीजी गैस की किल्लत का असर अब आम आदमी के साथ-साथ चोरों पर भी साफ दिखने लगा है। खाना बनाने के लिए गैस एजेंसियों के बाहर लगी लंबी-लंबी कतारों से बचने के लिए चोरों के गिरोह ने अब एक नया और हैरान करने वाला रास्ता निकाल लिया है। पटना के मेंहदीगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर भरा हुआ गैस सिलेंडर ही पार कर दिया। यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। ऐसे समय में जब आम लोग गैस के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं, सिलेंडर चोरी की इस घटना ने इलाके के लोगों को चौंका दिया है और अब वे अपने सिलेंडरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गए हैं।
गैस खत्म होने पर नया खोजने निकलीं तब खुला चोरी का राज
यह अजीबोगरीब चोरी गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ के पास रहने वाली एक महिला एडवोकेट के घर पर हुई। घटना 19 मार्च 2026 की सुबह करीब 9:50 बजे की है, जब चोर बड़ी ही सफाई से घर में दाखिल हुए और भरा हुआ डोमेस्टिक गैस सिलेंडर लेकर रफूचक्कर हो गए। दिलचस्प बात यह है कि मकान मालकिन को इस चोरी की भनक हफ्तों तक नहीं लगी। 3 अप्रैल 2026 को जब उनके रसोईघर का गैस सिलेंडर खत्म हुआ और उन्होंने खाना बनाने के लिए भरा हुआ सिलेंडर खोजा, तो वह अपनी जगह से गायब मिला। काफी ढूंढने के बाद जब उन्होंने घर के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, तब जाकर चोरों के इस नए गैंग की करतूत का पर्दाफाश हुआ।
अफवाहों और पैनिक बुकिंग ने बढ़ाया संकट
एक तरफ जहां गैस की कमी के चलते चोरी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, वहीं राज्य सरकार हालात पूरी तरह से नियंत्रण में होने का दावा कर रही है। बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने हाल ही में सभी जिलों के प्रभारी सचिवों और प्रमंडलीय आयुक्तों के साथ एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने तेल कंपनियों को ‘मिशन मोडÓ में काम करने के सख्त निर्देश दिए हैं। समीक्षा के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि सभी जिलों में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और कोई संकट नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि लोगों में गैस खत्म होने के डर से की जा रही ‘पैनिक बुकिंगÓ के कारण ही आपूर्ति में देरी की स्थिति पैदा हुई है। सरकार ने उपभोक्ताओं से न घबराने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

