लालकुआं ,04 अपै्रल ,(आरएनएस)। लालकुआं जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्टेशन की पिट लाइन में मरम्मत कार्य के दौरान ट्रेन के पीछे लगने वाला जनरेटर और गार्ड कोच अचानक बिना इंजन के ही ढलान की ओर दौडऩे लगा। बेकाबू डिब्बा करीब 150 मीटर दूर जाकर पटरी से उतर गया। इस खौफनाक नजारे को देखकर मौके पर मौजूद रेल कर्मचारियों की सांसें अटक गईं और स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मरम्मत के दौरान खिसकने लगा डिब्बा, मची चीख-पुकार
यह हैरान करने वाली घटना शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे की है। उस समय रेलवे की पिट लाइन में कोच की मरम्मत का काम अपनी रूटीन के हिसाब से चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान भारी-भरकम कोच अचानक धीरे-धीरे ढलान की तरफ खिसकने लगा। डिब्बे को बिना इंजन के अपनी तरफ इस तरह आते देख वहां मौजूद रेल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और वे किसी अनहोनी की आशंका से घबरा गए।
डिब्बे को रोकने के लिए पीछे भागे कर्मचारी, लेकिन हो गया बेकाबू
अपनी आंखों के सामने बेकाबू कोच को ढलान की ओर जाता देख रेलवे कर्मचारियों ने उसे रोकने के लिए उसके पीछे दौड़ लगा दी। उन्होंने आनन-फानन में पहियों के नीचे व्हील चॉक (गुटका) लगाकर उसे रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन वजन और ढलान के कारण कोच उनके काबू में नहीं आ सका। लुढ़कता हुआ यह कोच रनिंग रूम की ओर तेजी से बढ़ते हुए करीब डेढ़ सौ मीटर दूर टर्नआउट के पास जाकर पटरी से नीचे उतर गया।
4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वापस पटरी पर लौटा कोच
कोच के पटरी से उतरने की सूचना मिलते ही रेलवे के प्रशिक्षित कर्मचारी भारी उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए और उसे दोबारा पटरी पर चढ़ाने का काम शुरू किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाकर कोच को वापस पटरी पर लाया जा सका। लालकुआं जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक पुष्कर राणा ने मामले की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि पिट लाइन में कोच का मरम्मत कार्य चल रहा था, तभी वह ढलान की ओर खिसक कर पटरी से उतर गया था। फिलहाल उसे वापस पटरी पर चढ़ाकर पूरी तरह दुरुस्त कर लिया गया है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

