रायगढ़ 04 अप्रैल ( आरएनएस)। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साइबर थाना और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन में मुख्य आरोपी सुखदेव चौहान को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी शिव नागवंशी अब भी फरार बताया जा रहा है।पुलिस ने चोरी की बाइक खरीदने वाले 9 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 21 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों पर निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह का खुलासा किया गया।जांच में सामने आया कि आरोपी जुलाई 2025 से मार्च 2026 के बीच रायगढ़ और ओडिशा के भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइक चोरी करते थे। वे पेचकस जैसे औजारों से लॉक तोड़कर वाहन चोरी करते और सुनसान स्थानों पर छिपाने के बाद उन्हें सस्ते दामों में बेच देते थे।पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपी पेशे से ड्राइवर हैं और उन्हें वाहन मरम्मत की अच्छी जानकारी है, जिसका फायदा उठाकर वे चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।इस कार्रवाई से पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के दो और धरमजयगढ़ क्षेत्र के एक पुराने बाइक चोरी के मामले का भी खुलासा हुआ है।फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

