नईदिल्ली,11 जुलाई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम और इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच का पहला दिन समाप्त हो गया है। दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में एक विकेट खोकर 21 रन बना लिए थे। स्टंप्स तक माया बाउचर (17*) और हीदर नाइट (1*) नाबाद थीं। भारतीय टीम की पहली पारी 285 रन पर समाप्त हुई। आइए पहले दिन के खेल और बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम को शुरुआती झटके लगे और एक समय 37 रन के स्कोर पर उसके 2 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद जेमिमा रोड्रिगेज (35), स्मृति मंधाना (83) और हरमनप्रीत कौर (58) की पारियों के दम पर भारतीय टीम 74.5 ओवर में 285 रन बनाने में सफल रही। इंग्लैंड के लिए सोफी एक्लेस्टोन ने 3 विकेट लिए। भारत के लिए क्रांति गौड़ ने एकमात्र विकेट हासिल किया।
मंधाना ने 108 गेंदों का सामना किया और 83 रन बनाकर इसी वोंग की गेंद पर आउट हुईं। उनकी पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। उनके टेस्ट करियर का यह चौथा अर्धशतक है। इंग्लैंड के खिलाफ इस प्रारूप में उन्होंने तीसरा अर्धशतक लगाया। अब तक उन्होंने 9 टेस्ट खेले हैं और 15 पारियों में 51.28 की औसत से 718 रन बनाईं हैं। उनके बल्ले से 2 शतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 149 रन रहा है।
हरमनप्रीत ने 121 गेंदों में 58 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। उन्हें मैडी विलियर्स ने आउट किया। मंधाना और हरमनप्रीत के बीच 155 गेंदों में 89 रन की साझेदारी हुई। भारतीय कप्तान ने अपने टेस्ट करियर में पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाया। इस खिलाड़ी ने अब तक 8 टेस्ट मुकाबले खेले हैं और 12 पारियों में 26.18 की औसत से 288 रन बनाने में सफल रही हैं। वह अपने टेस्ट करियर में एक भी शतक नहीं लगा पाईं हैं।
एक्लेस्टोन ने 21.5 ओवर गेंदबाजी की और 2 मेडन के साथ 68 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं, लॉरेन बेल ने 9 ओवर में 50 रन दिए और उन्हें एक सफलता मिली। लॉरेन फिलर ने 13 ओवर में एक मेडन के साथ 40 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं, वोंग ने 12 ओवर में 41 रन देकर 2 विकेट लिए। मैडी ने 19 ओवर गेंदबाजी की और एक मेडन के साथ 79 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

