0 पुलिस ने कमरे में ले जाकर कराया क्राइम सीन रीक्रिएट और निकाला जुलूस
भिलाई, 11 जुलाई (आरएनएस)। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर में शुक्रवार को हुए सनसनीखेज खुशी साहू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फरार आरोपी पिंटू साहू को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए रायपुर के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को भारी सुरक्षा के बीच रामनगर स्थित उसी किराए के कमरे में लेकर पहुंची, जहां उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने वहां आरोपी की मौजूदगी में पूरी घटना का ‘क्राइम सीन रीक्रिएशनÓ कराया ताकि सबूतों की कडिय़ों को आपस में जोड़ा जा सके। इसके बाद आरोपी का जुलूस निकाला गया।

शनिवार को जब पुलिस आरोपी पिंटू साहू को कड़ी सुरक्षा के बीच रामनगर के उस मकान में लेकर पहुंची, तो वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आरोपी ने बताया कि उसने वारदात को किस तरह अंजाम दिया। आरोपी ने कबूल किया कि शुक्रवार सुबह उसने खुशी को कॉल किया था, लेकिन नंबर ब्लॉक होने के कारण उसकी बात नहीं हो पाई। इसके बाद उसने खुशी की सहेली को फोन किया, जिसने बताया कि खुशी के पास फोन नहीं है। इसी बात से नाराज होकर वह अपनी बाइक से सीधे खुशी के कमरे पर पहुंच गया। वहां जब उसने देखा कि खुशी की सहेली बाथरूम में नहाने गई है, तो उसने कमरे में दाखिल होकर पहले खुशी का गला घोंटा। जब खुशी बेसुध हो गई, तो उसने ऑनलाइन मंगाए गए धारदार चाकू से उसकी पीठ, पेट और हाथ पर ताबड़तोड़ 10 वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपनी बाइक से रायपुर की ओर भाग निकला था।
बाक्स
एकतरफा प्यार और सनक ने ली मासूम की जान
पुलिस जांच में सामने आया है कि 19 वर्षीय फार्मेसी छात्रा खुशी साहू मूल रूप से बेमेतरा की रहने वाली थी और भिलाई में रहकर पढ़ाई व पार्ट-टाइम नौकरी करती थी। आरोपी पिंटू साहू पिछले एक महीने से अलग-अलग नंबरों से फोन कर खुशी को परेशान कर रहा था। वह चाहता था कि खुशी अपनी नौकरी छोड़ दे और उससे शादी कर ले। खुशी ने करीब एक सप्ताह पहले अपने घरवालों को इस प्रताडऩा के बारे में बताया था। आरोपी की सनक का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसने दो दिन पहले खुशी के भाई और कुछ दिन पहले उस कैफे संचालक को भी जान से मारने की धमकी दी थी, जहां खुशी काम करती थी।
0

