नईदिल्ली,11 जुलाई। फीफा विश्व कप 2026 के दूसरे क्वार्टर फाइनल में स्पेन ने बेल्जियम को कांटे के मुकाबले में 2-1 से हरा दिया। इसी के साथ स्पेन ने सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। जहां उसका मुकाबला फ्रांस फुटबॉल टीम से होगा। लॉस एंजिल्स स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच शुरुआत से दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला दिखा, लेकिन आखिरी मिनटों के गोल ने बेल्जियम का सफर समाप्त कर दिया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
मैच के 30वें मिनट में स्पेन के फाबियन रूइज ने बेल्जियम के गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ द्वारा रोके जाने के बाद रीबाउंड पर शानदार गोल कर स्पेन को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 41वें मिनट में बेल्जियम ने पलटवार किया। केविन डी ब्रुइन के बेहतरीन पास पर चार्ल्स डी केटेलेरे ने हेडर के जरिए गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके साथ स्पेन का टूर्नामेंट में पिछले 649 मिनटों का गोल न खाने का रिकॉर्ड टूट गया।
दूसरे हाफ के 71वें मिनट में बेल्जियम के गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ चोटिल होकर बाहर हो गए और उनकी जगह सेन लामेंस मैदान पर आए। उसके बाद स्पेन ने हमले तेज कर दिए। ऐसे में 88वें मिनट में स्पेन के सब्सटिट्यूट खिलाड़ी मिकेल मेरिनो ने पाऊ कुबार्सी के लॉन्ग-रेंज शॉट को रीबाउंड में गोल पोस्ट में भेजकर स्पेन को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी। इसके बाद बेल्जियम की टीम कोई गोल नहीं कर पाई और स्पेन ने मुकाबला जीत लिया।
स्पेन के मिडफील्डर रोड्रि ने विश्व कप 2026 के अंतिम तीसरे हिस्से में 62 निर्णायक पास दिए। यह 2014 में जर्मनी के टोनी क्रूस (62) के बाद एक संस्करण में सबसे अधिक पास देने का रिकॉर्ड है। स्पेन ने सभी प्रतियोगिताओं में अपने पिछले 36 मैचों में अभी तक हार का सामना नहीं किया है, जो 2009 से अब तक का उनका सबसे लंबा अजेय क्रम है। इस क्रम में स्पेन ने 27 जीत और 9 ड्रॉ हासिल किए हैं।
बेल्जियम ने विश्व कप इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक बिना गोल खाए रहने का स्पेन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उसने 2022 में जापान के खिलाफ आखिरी गोल खाया था। हालांकि, 6 मैच के लंबे अंतराल के बाद केटेलेरे गोल कर रिकॉर्ड तोड़ दिया।
मेरिनो ने विश्व कप और यूरोपीय चैंपियनशिप में स्पेन के लिए 3 निर्णायक गोल किए हैं। उन्होंने जर्मनी के खिलाफ यूरो 2024 क्वार्टर फाइनल में 119वें मिनट, पुर्तगाल के खिलाफ विश्व कप 2026 में 90+1 मिनट और बेल्जियम के खिलाफ 88वें मिनट में गोल दागे। केटेलेरे ने बेल्जियम के लिए विश्व कप में उतने ही गोल किए हैं जितने पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ईडन हैजर्ड (3) ने किए थे। यामल ने 2026 विश्व कप में 21 टेक-ऑन पूरे किए हैं।
मैच में स्पेन ने गोल करने की 18 बार कोशिश की और 8 बार टारगेट पर शॉट लगाए। बेल्जियम ने 5 बार कोशिश की और वह 2 बार टारगेट पर शॉट लगाने में सफल रही। मैच में स्पेन का 68 प्रतिशत समय में बॉल पर कब्जा रहा। उसने 91 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 663 पास पूरे किए। इसी तरह बेल्जियम का मैच में 32 बॉल पर प्रतिशत कब्जा रहा और उसने 81 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 295 पास पूरे किए।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

