रायपुर, 04 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डॉल्फिन ज्वेलो अपार्टमेंट में शनिवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग अपार्टमेंट की लिफ्ट में लगी, जिसके चलते धुआं तेजी से पूरे परिसर में फैल गया। घटना के समय कई लोग अपने घरों में मौजूद थे, लेकिन समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लिफ्ट से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग भड़क उठी। मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए कॉलोनीवासियों को अलर्ट किया। इसके बाद गार्ड और रहवासियों ने मिलकर फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की और काफी हद तक सफल भी रहे।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग काफी हद तक नियंत्रित की जा चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि लिफ्ट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।इधर, भनपुरी क्षेत्र में स्थित एक तंबाकू गोदाम में भी आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कचरा जलाने की वजह से कई सालों से बंद पड़े गोदाम में आग भड़क उठी। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।प्रारंभिक जांच में अपार्टमेंट में लगी आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने भवनों में फायर सेफ्टी उपकरणों की नियमित जांच कराएं और किसी भी आपात स्थिति में सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

