बस्तर, 04 अप्रैल (आरएनएस)। बस्तर संभाग सहित जगदलपुर में बीती रात आए भूकंप के झटकों ने लोगों को कुछ समय के लिए दहशत में डाल दिया। अचानक जमीन हिलने का एहसास होते ही लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
इस दौरान कई जगहों पर लगे CCTV कैमरों में भी भूकंप के झटकों का असर कैद हो गया। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कंपन के समय घरों और दुकानों में रखे सामान हिलते नजर आए, जबकि कुछ स्थानों पर लोग घबराकर तेजी से बाहर निकलते दिखाई दिए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रात 11:31 बजे आए इस भूकंप का केंद्र ओडिशा के कोरापुट में था। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 दर्ज की गई और इसकी गहराई लगभग 5 किलोमीटर रही।
कुछ ही पलों में झटके थम जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। अच्छी बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
हालांकि, भूकंप के लिहाज से अपेक्षाकृत सुरक्षित माने जाने वाले बस्तर क्षेत्र में इस तरह की हलचल ने आम लोगों के साथ-साथ भूविज्ञानियों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे घटनाक्रमों पर लगातार नजर बनाए रखना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी संभावित खतरे से बचा जा सके।
बंछोर
000

