कोटद्वार 5 अप्रैल (आरएनएस)। कस्बे में कूड़ा निस्तारण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। मुख्य बाजार, इंटर कॉलेज मार्ग से लेकर आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, भूमि नहीं मिलने के कारण प्रशासन कूड़ा निस्तारण संयंत्र स्थापित नहीं कर पा रहा है।
विकासखंड जयहरीखाल में पिछले कुछ वर्षों तक निस्तारण के लिए कूड़ा वाहन के माध्यम से दुगड्डा भेजा जाता था जिससे समस्या काफी हद तक संभल जाती थी। यह व्यवस्था बंद हो जाने के कारण कस्बे में जगह-जगह कूड़ा जमा होने लगा है और स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।ब्लॉक मुख्यालय की ओर से कूड़ा निस्तारण के लिए अभियान चलाने के दावे किए जा रहे हैं लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है। नियमित कचरा संग्रहण न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। गिरीश, निरंजन कुमार, हरिनाम सिंह आदि ग्रामीणों ने कूड़ा निस्तारण संयंत्र लगने तक पुरानी व्यवस्था को बहाल करते हुए क्षेत्र का कूड़ा बाहर भेजने की मांग की।
प्लांट के लिए भूमि चयन अब तक अधूरा : कूड़ा निस्तारण संयंत्र लगाने के लिए अब तक भूमि का चयन नहीं हो पाया है। प्रशासन की ओर से प्रखंड के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर भूमि चिह्नित करने की बात कही जा रही है, लेकिन प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो सकी है।
खैरासैंण, जदला सहित कई स्थानों पर कूड़ा निस्तारण के लिए भूमि चयन का प्रयास किया गया लेकिन स्थानीय स्तर पर सहमति न बनने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। पूर्व में कूड़ा दुगड्डा भेजा जा रहा था, लेकिन अब नगरपालिका दुगड्डा ने कूड़ा लेने से मना कर दिया है। फिलहाल समस्या के समाधान के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाने और प्लांट लगाने के लिए भूमि चयन पर काम किया जा रहा है।- धर्मेंद्र चौहान, एबीडीओ, जयहरीखाल।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

