कोटद्वार 5 अप्रैल (आरएनएस)।भाबर स्थित सिडकुल सिगड्डी ग्रोथ सेंटर की सड़कें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़कों पर गड्ढे और जहां-तहां फैली बजरी दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। वहीं, सड़कों में सुधार के लिए पूर्व में दिए गए आश्वासन को सिडकुल प्रशासन पूरा नहीं कर सका है। अब एक बार फिर से सुधार का आश्वासन मिला है। डकुल निर्माता संघ के अध्यक्ष सुनील गुप्ता, उद्यमी सुरेश ठाकुर, विवेक चौहान, चमन लाल शर्मा, नवीन शर्मा, सुनील राणा आदि कारोबारियों का कहना है कि सिडकुल सिगड्डी ग्रोथ सेंटर में स्थित फैक्टरियों में भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। साथ ही सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी यहां दोपहिया वाहनों से आते-जाते हैं। बदहाल सड़कों पर बने गड्ढों और फैली बजरी के कारण आए दिन दोपहिया वाहन रपटकर गिर रहे हैं। घटनाओं में कई कर्मचारी और अन्य राहगीर घायल हो चुके हैं। ग्रोथ सेंटर में सिडकुल प्रशासन की ओर से फैक्टरी
संचालकों से वार्षिक मेंटेनेंस चार्ज भी लिया जाता है। इसके बावजूद सड़कें बदहाल हैं। स्थानीय लोगों, फैक्टरी संचालकों और कर्मचारियों ने सिडकुल प्रशासन से शीघ्र सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।
औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण कर्मचारियों और श्रमिकों का आवागमन लगातार बना रहता है। बदहाल सड़क के कारण बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
-साहिल, प्लांट हेड।
कर्मचारियों और श्रमिकों को आवागमन में परेशानी तो हो ही रही है, मालवाहक वाहनों का संचालन भी काफी मुश्किल हो रहा है। इससे कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। -सुनील गुप्ता, अध्यक्ष सिडकुल निर्माता संघ।
विभागीय अवर अभियंता के साथ सड़कों का निरीक्षण कर लिया गया है। सड़क निर्माण को लेकर अप्रूवल अंतिम चरण में है। शीघ्र सड़क निर्माण कार्य करवाया जाएगा। – सन्नी चौहान, क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल सिगड्डी
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

