भोपाल 5 अप्रैल (आरएनएस)। कजलीखेड़ा थाना इलाके में रहने वाली छात्रा के साथ रेप की घटना सामने आई है। वारदात को इंस्टाग्राम फ्रेंड ने अंजाम दिया है। दोनों बीते तीन महीने से रिलेशन में थे। शनिवार रात को थाने पहुंची पीडि़ता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एफआईआर की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया है।
थाना प्रभारी पल्लवी पांडे के मुताबिक 18 वर्षीय युवती स्कूली छात्रा हाल ही में उसने 12 वीं कक्षा का एग्जाम दिया है। जबकि आरोपी आकाश ठाकुर ढाबे पर खाना बनाने का काम करता है। दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। पहले फोन पर बातचीत हुई और आरोपी युवक ने उसे मिलने के लिए होटल में बुलाया।
जहां उसने शादी करने का झांसा देकर पीडि़ता के साथ रेप किया। उसके बाद से वह लगातार पीडि़ता का शोषण कर रहा था। अभी कुछ दिन पहले आरोपी युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया और फोन उठाना भी बंद कर दिया। उसकी करतूतों से परेशान होकर थाने पहुंची पीडि़ता ने मामला दर्ज कराया। पुलिस का कहना है जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

