भोपाल 6 अप्रैल (आरएनएस)। बड़ा तालाब को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए जिला प्रशासन ने सोमवार सुबह कार्रवाई शुरू कर दी। भदभदा क्षेत्र में टीम पहुंची और 9 दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने तालाब के चारों ओर कुल 347 अतिक्रमण चिन्हित किए हैं, जिन्हें अगले 15 दिनों में हटाया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भोज वेटलैंड रूल्स लागू होने (16 मार्च 2022) के बाद बने सभी निर्माण हटाए जाएंगे। बड़ा तालाब के फुल टैंक लेवल से 50 मीटर तक के अतिक्रमण पर कार्रवाई की जा रही है।
पिछले दो महीने से जिला प्रशासन अतिक्रमण को चिह्निंत कर रहा था। टीटी नगर एसडीएम वृत्त के गौरा गांव, बिसनखेड़ी में सबसे ज्यादा कब्जे सामने आए थे। वहीं, बैरागढ़, बहेटा में भी लोगों ने तालाब की सीमा पर निर्माण कर लिए हैं।
एसडीएम अर्चना शर्मा द्वारा नोटिस दिए जाने के बाद कई लोगों ने खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। मौके पर भारी भीड़ जुटी, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
भदभदा क्षेत्र में बड़ा तालाब में आ रहे मकान और दुकानों को लेकर एसडीएम अर्चना शर्मा ने नोटिस दिए थे। इसके चलते सोमवार को कई लोगों ने अपने हाथों से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। मौके पर काफी भीड़ भी इकट्?ठा हो गई। इसके चलते पुलिस बल तैनात किया गया है। ताकि, किसी भी प्रकार के हंगामे की स्थिति में कार्रवाई की जा सके।

