भोपाल 6 अप्रैल (आरएनएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने सोमवार को भाजपा के स्थापना दिवस पर पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ध्वाजारोहण कर 14 जिलों में पार्टी कार्यालय भवनों का वर्चुअली भूमि-पूजन एवं 3 जिलों में कार्यारंभ कर संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस बहुत ही उत्साह और उमंग वाला दिन है। भाजपा का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। भारतीय जनता पार्टी की यात्रा हमारे लिए केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि एक वैचारिक और आध्यात्मिक साधना है। साम्यवाद और पूंजीवाद के बीच भाजपा ने राष्ट्रहित की राह को चुना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में, हमारे आदर्श, हमारे लक्ष्य, हमारे कार्य करने का तरीका और हमारी सोच सब राष्ट्रवाद पर आधारित हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि 6 अप्रैल पार्टी का केवल स्थापना दिवस नहीं है, बल्कि यह कार्यकर्ताओं के तप, त्याग और संकल्प का उत्सव है। आज पार्टी के जिन जिला कार्यालयों का भूमिपूजन किया गया है, अलगे वर्ष यानी वर्ष 2027 में स्थापना दिवस पर उन सभी जिला कार्यालयों का लोकार्पण किया जाएगा। जनसंघ की स्थापना के समय वर्ष 1952 में हमारी पार्टी की जो विचारधारा थी, उसमें आज तक कोई परिवर्तन नहीं आया है, इसलिए विश्व का सबसे बड़ी राजनैतिक दल बन गई है। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि भाजपा का सफर वर्ष 1980 से शुरू हुआ और 2026 तक जो विकास की यात्रा हम लोगों ने आगे बढ़ाई आज वह देश-दुनिया के लिए एक प्रेरणादायी बन गई है। आज हमारा देश और हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। हमारी कूटनीति और राजनीति इतनी सुदृढ़ है कि विश्वभर में इसकी हलचल महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की जीडीपी लगातार बढ़ रही है। हमारी सरकार ने मध्यप्रदेश के साथ देशभर में महंगाई और कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में रखा है।
हमारे आदर्श, लक्ष्य व कार्य के तरीके सब राष्ट्रवाद पर आधारित-डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज भाजपा का स्थापना दिवस बहुत ही उत्साह और उमंग वाला दिन है। पार्टी कार्यालय हम सभी के लिए मंदिर और हमारे कार्य का आधार होते हैं। आज हम सभी के लिए बहुत बड़ा दिन है कि एक साथ चौदह जिला कार्यालयों का भूमिपूजन और तीन जिला कार्यालयों पर कार्यरंभ हुआ है। एक साथ इतने जिलों में ऐसा कार्य करके प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कमाल कर दिया है, इसके लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं। हमारे बीच में से जो प्रमुख कार्यकर्ता जिन्हें अपना पूरा जीवन पार्टी को दिया वह हमारे बीच में आज नहीं है, आज उनके परिवार के सदस्यों का स्वागत और सम्मान करते हुए मुझे अत्यंत खुशी का अनुभव हुआ है। भारतीय जनता पार्टी की यात्रा हमारे लिए केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि एक वैचारिक और आध्यात्मिक साधना है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इसे परमात्मा के कार्य के रूप में मानकर समर्पण भाव से जुड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारे आदर्श, लक्ष्य, कार्य करने का तरीका और हमारी सोच सब राष्ट्रभाव पर आधारित हैं। वैश्विक राजनीति के परिदृश्य में जब अधिकांश राजनीतिक दल अपने स्वार्थ और सत्ता के इर्द-गिर्द केंद्रित थे, तब हमारे सामने यह प्रश्न था कि राजनीति की दिशा क्या होनी चाहिए। एक ओर साम्यवाद और दूसरी ओर पूंजीवाद की दो धाराओं के बीच स्वतंत्रता के बाद भारत के सामने यह चुनौती थी कि उसका लक्ष्य क्या हो और उसकी राजनीतिक दिशा कैसी हो। भारतीय जनता पार्टी ने इसी संदर्भ में राष्ट्रनिष्ठा और समर्पण की राह को चुना। कई लोगों ने हमारा मजाक भी बनाया, लेकिन हमने उसकी परवाह नहीं की। उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए, हम पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के उस विचार पर अडिग रहे कि हमारा राष्ट्र केवल भौतिक विकास तक सीमित नहीं हो सकता। सच्चे अर्थों में राजनीति का अंतिम उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार लगातार किसानों के हित में कार्य कर रही है। कांग्रेस के समय प्रदेश में साढ़े सात लाख हेक्टर सिंचाई का रकबा था, जो आज बढ़कर 55 लाख हेक्टर का हो गया है। वर्ष 2003 से पहले मध्यप्रदेश में कांग्रेस के शासनकाल में समर्थन मूल्य पर गेहूं की नाम मात्र की खरीदी की जाती थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार 10 अप्रैल से 2625 रुपए क्विंटल में गेहूं खरीदी शुरू कर रही है। सरकार सबसे पहले छोटे किसानों का गेहूं खरीदेगी, यह हमारी प्रतिबद्धता है। सिंचाई के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं में भी व्यापक सुधार हुआ है। हम सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। एक समय ऐसा भी आया जब न्यायपालिका के निर्णय पर प्रश्न खड़े हुए, विशेषकर इंदिरा गांधी को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के बाद उनकी अयोग्यता के मामले पर हमारे दल ने सभी को साथ लेकर स्पष्ट कहा कि जिसे न्यायालय ने अयोग्य घोषित किया है, उसे पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। इसी संघर्ष ने लोकतंत्र की रक्षा की एक लंबी लड़ाई का इतिहास रचा। लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमारे हजारों कार्यकर्ता ‘लोकतंत्र सेनानीÓ बनकर जेलों में गए और उन्होंने अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उन्हें यह भी ज्ञात नहीं था कि आने वाला कल क्या होगा, फिर भी वे लोकतंत्र, न्याय और राष्ट्रहित की लड़ाई में डटे रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनसंघ के समय खड़ा हुआ संगठन, जनता पार्टी में विलय के दौरान भी ‘राष्ट्र प्रथमÓ के सिद्धांत पर अडिग रहा। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना कर हमने अपनी मूल वैचारिक धारा को बनाए रखते हुए आगे बढऩे का संकल्प लिया, यही हमारी पहचान है। फीनिक्स पक्षी की कथा हम सुनते आए हैं, जो राख से पुन: जन्म लेता है। वह केवल एक कहानी हो सकती है, लेकिन जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी का पुनर्जन्म हमने साकार रूप में देखा है, एक अमर पक्षी की तरह, जो हर चुनौती के बाद और अधिक सशक्त होकर उभरा है। हम जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। यही कारण है कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का वह कथन आज भी प्रेरणा देता है कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता ऐसा होता है, जिसके रोम-रोम से राष्ट्रवाद की भावना प्रकट होती है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का समर्पण अद्भुत है। उनके त्याग, तप और राष्ट्रभक्ति का उदाहरण हर परिस्थिति में देखने को मिलता है। हमारे नेताओं का चरित्र और उनका दर्शन भी उतना ही प्रेरणादायी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उनके सशक्त नेतृत्व ने हर कार्यकर्ता का आत्मविश्वास बढ़ाया है और देश को स्थिर, मजबूत सरकार दी है। यह कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में भी हमने जो कहा, वह करके दिखाया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से लेकर देश को परमाणु शक्ति संपन्न बनाने तक, अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए। आज भी देश की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि रखते हुए, आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। जनता की भलाई के लिए समय-समय पर राहत प्रदान की गई। किसान, युवा, महिला और गरीब कल्याण के लिए निरंतर कार्य हो रहा है। पार्टी का हर कार्यकर्ता निरंतर समाज और राष्ट्र की सेवा में लगा हुआ है।
भाजपा सत्ता नहीं, विचार और विश्वास की यात्रा है-हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि 6 अप्रैल पार्टी का केवल स्थापना दिवस नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं के तप, त्याग और संकल्प का उत्सव है। भारतीय जनता पार्टी सत्ता की पार्टी नहीं है, बल्कि विचार और विश्वास की यात्रा का एक संगठन है। हमारे कार्यकर्ताओं की ताकत हर कार्यकर्ता होता है। राष्ट्र निर्माण को लेकर हमारी विचारधारा और संगठन का जो बीज श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने विपरीत परिस्थितियों में बोया उसको आगे बढ़ाने का काम पं. दीनदयाल उपाध्याय जी, श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी और पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने किया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी सहित शीर्ष नेतृत्व लगातार संगठन कार्य को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। पार्टी की विचारधारा जो सन् 1952 में थी उसमें आज तक कोई परिवर्तन नहीं आया है। सन् 1985 में एक वक्त ऐसा आया कि जब हम सिर्फ दो सीट पर थे, लेकिन हमने जो वर्ष 1952 में सोचा था कि जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटेगी, अयोध्या में श्री राम मंदिर बनेगा, तीन तलाक पर कानून बनेगा। इन बातों से हमारी पार्टी कभी पीछे नहीं हटी। यही दृढ़ता हमारा निश्चय है जिसके कारण आज हम विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गए। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2047 का जो विकसित भारत का संकल्प लिया है उसको हम सब मिलकर पूरा करेंगे। हमारा प्रयास होना चाहिए की अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का उत्थान हो। भारत का उज्जवल भविष्य ही भारतीय पार्टी जनता का प्रण है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि हमारे 62 संगठनात्मक के जिले हैं और इन 62 जिले में 7 ग्रामीण जिले हैं और 55 हमारे शहरी जिले हैं। आज स्थापना दिवस पर 14 जिला कार्यालयों का भूमिपूजन किया है, तीन जिलों आगर, मंदसौर और रतलाम के जिला कार्यालयों का कार्य प्रारंभ हुआ है। वर्ष 2027 के स्थापना दिवस पर इन 14 जिलों सहित प्रदेश के सभी 62 संगठनात्मक जिलों में अपना कार्यालय बनकर तैयार हो जाएगा। भाजपा के सभी जिलों के कार्यालयों को और आधुनिक बनाया जाएगा। हमारा प्रयास रहेगा कि सोलर के द्वारा पर्यावरण की भी हम रक्षा करें। भाजपा का कार्यकर्ता ही उसकी पूंजी होती है। हर व्यक्ति कार्यकर्ता है, आज किसी के पास दायित्व है कल किसी के पास रहेगा, लेकिन हममे कार्यकर्ता का भाव हमेशा बना रहना चाहिए। इसलिए हमने प्रयास किया है कि हमारे संभाग प्रभारी, हमारे जिला प्रभारी हर महीने 10 तारीख से पूर्व एक बार जिलों का दौरा करें। मोर्चो सहित, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष बूथों तक जाएं ताकि हर कार्यकर्ता हमारी विचारधारा के साथ नीचे तक और सक्रिय हो सकें। हमारा सौभाग्य है कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारा दल लगातार आगे बढ़ रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी के नेतृत्व का सानिध्य हमें मिल रहा है और हमें जो समय-समय पर दिशा-निर्देश मिल रहे हैं, उनका पालन कर हम लगातार आगे बढऩे का प्रयास कर रहे हैं। मैं आप सभी को आज स्थापना दिवस की बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यालय हम सबके लिए एक सम्मान और श्रद्धा का केंद्र होगा। हम सब मिलकर अपनी विचारधारा को अपनी पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे।
47 वर्षों की विकास यात्रा आज प्रेरणादायी बन गई – अजय जामवाल
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सफर वर्ष 1980 से शुरू हुआ और वर्ष 2026 के बीच जो विकास की यात्रा हम लोगों ने आगे बढ़ाई आज वह देश-दुनिया के लिए एक प्रेरणादायी बन गई है। आज हमारे देश और सनातन की धाक देश-दुनिया में है, लेकिन फिर भी हमने बहुत सी चुनौतियां को पार किया, चाहे वह धारा-370 की रही हो, राम मंदिर, नक्सलवाद की हो या फिर विकास की हमने सभी चुनौतियों को स्वीकार कर उसे हासिल किया है। फिर भी हमारे सामने पांच बड़ी चुनौतियां पंच परिवर्तन के नाते हमारे सामने हैं और उसके लिए हम सबको संकल्पबद्ध होना होगा। आज हमारा ध्यान पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, स्वदेशी के प्रति भावना, कुटुंब प्रबोधन के प्रभाव और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता पर होना चाहिए। इन पांच प्रमुख क्षेत्रों को अपनी चुनौतियों के रूप में स्वीकार करते हुए, हमें आने वाले समय में इन पर पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करना है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार बनी और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार कार्य कर रही है। जनकल्याण के कार्यों को पूर्ण करने का निरंतर प्रयास किया गया है। आज देश में शायद ही कोई ऐसा घर होगा, जहां 10-15 सरकारी योजनाओं का लाभ न पहुंच रहा हो। आज देशभर में सड़कों, फ्लाईओवरों, आधुनिक एम्स अस्पतालों, उत्कृष्ट कॉलेजों और विश्वविद्यालयों का निर्माण तेजी से हो रहा है। समाज के सभी वर्गों को संगठित और सशक्त किया जा रहा है। वास्तव में इस देश में ऐसा कोई भी वर्ग नहीं है, जिसके लिए कोई न कोई योजना न बनाई गई हो।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आज हमारा देश पूरी तरह से सुरक्षित हाथों में है और हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। हमारी कूटनीति और राजनीति इतनी सुदृढ़ है कि विश्वभर में इसकी हलचल महसूस की जा रही है। देश की जीडीपी लगातार बढ़ रही है। हमने महंगाई और कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में रखा है। ऐसा ही संपूर्ण विकास हमारे प्रदेश में भी हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नेतृत्व मार्गदर्शक साबित हो रहा है। इसलिए स्थापना दिवस के इस अवसर पर मेरा आप सभी कार्यकर्ताओं से अपील है कि जो ज्वलंत चुनौतियां हमारे सामने हैं, उन्हें आप विस्तारपूर्वक समझें और स्वीकार करें। मुझे विश्वास है कि आप इन चुनौतियों को गंभीरता से लेंगे। इस स्थापना दिवस पर हम संकल्प लें कि इन पांच प्रमुख चुनौतियों पर वर्तमान और आने वाले समय में हम निरंतर काम करेंगे। हम अपनी पीढिय़ों के लिए सुरक्षित और सशक्त भारत बनाएंगे, राष्ट्र को मजबूत करेंगे, आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करेंगे, भारत को विश्वगुरु बनाएंगे और इसे आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित करेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हम सभी कार्यकर्ता दिन-रात कार्य करके देश को परम वैभव पर ले जाने के लिए अनवरत कार्य करेंगे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय सहित पूरे प्रदेश में पार्टी का स्थापना दिवस बूथ स्तर तक उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर आतिशबाजी कर मिठाईयां बांटी गई। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने पार्टी के पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री माखन सिंह चौहान का सम्मान किया। साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं स्वर्गीय सुरेंद्र नाथ सिंह, स्वर्गीय रमेश शर्मा (गुड्डू भैया), स्वर्गीय विजेश लुणावत, स्वर्गीय ओम यादव, स्वर्गीय गौरी शंकर कौशल, स्वर्गीय रामदयाल प्रजापति, स्वर्गीय बसंत गुप्ता एवं स्वर्गीय हेमराज निषाद के परिवारजनों का सम्मान किया।
कार्यक्रम का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन की मंत्री प्रतिमा बागरी, प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक भगवानदास सबनानी, राघवेन्द्र गौतम, जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा, भोपाल जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी एवं सीए राम गुर्जर मंचासीन रहे। इस दौरान पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, डॉ. प्रभुराम चौधरी, रणवीर सिंह रावत, कांतदेव सिंह, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल, राजेन्द्र सिंह राजपूत, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, वरिष्ठ नेता शैलेन्द्र शर्मा, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर सहित पार्टी पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

