भोपाल 6 अप्रैल (आरएनएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया विभाग की बैठक को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आप सभी प्रदेश के सह मीडिया प्रभारी, प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट और मीडिया विभाग के सदस्यगण कार्यकर्ता भाव से पार्टी संगठन और सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं। विपक्षी दल असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए गलत नैरेटिव बनाते है। हमें तथ्यों के साथ पार्टी संगठन और सरकार का पक्ष मीडिया में रखना है और जनता तक सरकार व संगठन के कार्यों और उपलब्धियों को पहुंचाना है। संगठन के कार्यों को भगवान का कार्य मानकर पूरी निष्ठा के साथ दायित्व का निर्वहन करें। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रवक्तागण पार्टी के विचार, संस्कार व संगठन का चेहरा होते हैं। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों-उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी आप सभी मीडिया विभाग के जुझारू और कर्मठ कार्यकर्ताओं पर है। पार्टी का मीडिया विभाग पार्टी की विचारधार व सोच को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएं। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने मीडिया विभाग के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नवीन दायित्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी संगठन ने आप सभी कार्यकर्ताओं को बहुत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी की विचारधारा के आधार पर संगठन और सरकार के कार्यों को प्रभावी तरीके से जनमानस तक पहुंचाना और विपक्षी दलों के भ्रामक नैरेटिव का तथ्यों के साथ जवाब देने का कार्य कार्य करें।
सरकार-संगठन के कार्यों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी आपकी- डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार और संगठन के कार्यों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी आपकी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार कई योजनाएं संचालित कर रही हैं, वह हर समाज वर्ग के कल्याण के लिए हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के अवतार को लेकर देवर्षि नारद का कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देवर्षि नारद ने कहा था कि मैं भगवान का कार्य कर रहा हूं। इसी तरह मीडिया विभाग के आप सभी कार्यकर्तागण पार्टी संगठन के कार्यों को भगवान का कार्य मानकर करें। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के उल्लेखनीय कार्यों से बंपर उत्पादन हो रहा है। सरकार के प्रयासों व किसानों की मेहनत से पहले से ही हमारे प्रदेश के गोदाम अनाजों से भरे हैं। ऐसे में गेहूं की खरीदी 10 अप्रैल से शुरू की जा रही है। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने भ्रामक प्रचार करते हुए गलत नैरेटिव सेट करने में लगी है। आप सभी जनता को यह वास्तविकता से अवगत कराएं कि बारदानों की कमी और युद्ध के कारण प्लास्टिक के बैग की कमी के कारण गेहूं की खरीदी 10 अप्रैल से शुरू होगी। इसी तरह विपक्ष के हर गलत नैरेटिव का सक्रियता और प्रमुखता के साथ तथ्यों के साथ जवाब देना है। मुझे आशा ही नहीं अपित पूर्ण विश्वास है कि पार्टी संगठन द्वारा दिए गए दायित्व का पूरी कर्मठता के साथ निर्वहन कर संगठन और सरकार के कार्यों को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।
भाजपा संगठन और सरकार की छवि निखारने की जिम्मेदारी आप पर -हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि आप सभी पार्टी के अनुशासित कार्यकर्ता हैं। मीडिया विभाग में नए दायित्व संभालने वाले आप सभी कार्यकर्ता पहले भी पार्टी में किसी न किसी दायित्व में रहे हैं। अब आप सभी जिस दायित्व में हैं, वह पार्टी का चेहरा है। आप जो भी बात कहेंगे, वह पार्टी का अधिकृत बयान माना जाएगा। आप सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी संगठन और सरकार की छवि निखाने की जिम्मेदारी है। संगठन सर्वोपरि के सिद्धांत पर कार्य करते हुए पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए नवीन दायित्व का निर्वहन करें। आप सभी को सक्रिय भूमिका के साथ संगठन व सरकार के कार्यों, उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ विपक्ष के भ्रामक आरोपों का भी तथ्यात्मक रूप से जवाब देना है। जनता यह मानती है कि पार्टी के प्रवक्ता जो बोलते हैं, वह पार्टी का विचार होता है। ऐसे में आप सभी की जिम्मेदारी और महत्वपूर्ण हो जाती है। विपक्ष द्वारा लगाए जाने वाले आरोपों का तथ्यों और सटीकता के साथ जवाब देना आप सभी का मूल कार्य है। विश्वास है कि आप सभी संगठन द्वारा दिए गए कार्य दायित्व का आने वाले समय में बहुत प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभायेंगे। हर विषय पर आपकी पकड़ मजबूत हो, आपकी प्रस्तुति स्पष्ट हो और आपकी भाषा संयमित व प्रभावशाली हो, ताकि जनता के सामने सच्चाई पूरी मजबूती के साथ रखी जा सके। तेज़ी से बदलते सूचना युग में जहां हर बात तुरंत जनता तक पहुंचती है, वहां आपकी सजगता, सक्रियता और तत्परता संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। आप सभी संगठन और जनता के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य करते हैं, जो पार्टी की नीतियों, उपलब्धियों और विचारों को सरल, स्पष्ट और प्रभावी रूप में जन-जन तक पहुंचाते हैं।
दायित्व एक पद नहीं, विश्वास, जिम्मेदारी और सेवा का प्रतीक है-आशीष उषा अग्रवाल
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी में दायित्व केवल एक पद नहीं, बल्कि यह विश्वास, जिम्मेदारी और सेवा का प्रतीक है। हम सिर्फ सूचना संप्रेषणकर्ता नहीं, बल्कि नैरेटिव के निर्माता हैं। प्रदेश की राजनीति में विमर्श की दिशा तय करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी गंभीरता, प्रतिबद्धता और निष्ठा के साथ निभानी होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल के मार्गदर्शन हमें न केवल उच्चतम मानकों तक पहुंचने की प्रेरणा प्रदान करता है, बल्कि संगठन के कार्यों को सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए एक ठोस दृष्टिकोण भी देता है। हमें उनके मार्गदर्शन में संगठन के कार्यों को और तेज, संगठित और रणनीतिक रूप से प्रस्तुत करना है। हमारी जिम्मेदारी केवल सूचनाओं का प्रसारण नहीं, बल्कि उन्हें प्रभावी और सशक्त तरीके से जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का सही संदेश हर नागरिक तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि मीडिया टीम का उद्देश्य केवल प्रदेश स्तर पर मजबूत उपस्थिति बनाना नहीं है, कार्य को उस ऊंचाई तक ले जाना है जहां यह देशभर में एक आदर्श और सर्वश्रेष्ठ मॉडल के रूप में पहचाना जाए। हमारी जिम्मेदारी अब केवल पार्टी तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और देश के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक बननी चाहिए। समर्पण, अनुशासन और समन्वय के साथ काम करते हुए संगठन को हर मोर्चे पर सशक्त और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
परिचयात्मक बैठक में पार्टी के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी मंचासीन रहे। बैठक का आभार पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता व विधायक छाया मोरे ने व्यक्त किया। बैठक में पार्टी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट एवं मीडिया विभाग के सदस्यगण उपस्थित रहे।

