लालगंज, मीरजापुर 7 अप्रैल (आरएनएस)। विकास खंड परिसर में सोमवार को नवनिर्मित विंध्य मार्ट और ब्लॉक सभागार का जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार के साथ उद्घाटन किया। फीता काटने से पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन कराया गया। विंध्य मार्ट में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए करीब 35 प्रकार के उत्पादों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने प्रत्येक स्टॉल का निरीक्षण कर उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और उपयोगिता की जानकारी ली। उन्होंने समूह की महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन उत्पादों को बड़े बाजार से जोडऩा जरूरी है, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि हो सके।इसी क्रम में पूजन कार्यक्रम पंडित विश्वनाथ उर्फ तोता पंडित ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया, जिसमें उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने कहा कि विंध्य मार्ट की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इससे स्वयं सहायता समूहों को स्थायी बाजार उपलब्ध होगा और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। खंड विकास अधिकारी अंशुल हिंदल ने मार्ट की स्थापना और संचालन की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर, एडीओ पंचायत अजय शंकर, एडीओ ग्राम विकास श्याम कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मतदाता पुनरीक्षण कर्मी सिंटू, सफाई कर्मियों गौरीशंकर पांडे, रमेश और ओमप्रकाश को सम्मानित किया गया। विंध्य मार्ट निर्माण में सहयोग देने वाले ग्राम प्रधान विजय कुमार गुप्ता और ग्राम पंचायत सचिव जितेंद्र को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा बैंक सखी, स्वास्थ्य सखी, आजीविका सखी और विद्युत सखी के रूप में कार्य कर रहीं सुनीता, साधना, आरती और गीता को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

