आजमगढ़ 30 जून(आर एन एस)पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को दोपहर लगभग 3 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार से राजस्थान की ओर जा रही कार पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 185.8 पर हमीरपुर गांव के पास आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे में कार चालक महिपाल सिंह (45) पुत्र नरपत सिंह निवासी ग्राम अरनका, थाना गैगल, जनपद अजमेर (राजस्थान) की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार में सवार अमरेंद्र प्रताप सिंह (36) पुत्र चितरंजन सिंह निवासी कोठिया जलालपुर, जनपद छपरा (बिहार) गंभीर रूप से घायल हो गए।बड़े भाई प्रभात सिंह ने बताया कि अमरेंद्र प्रताप सिंह उदयपुर स्थित मैरियट होटल में कार्यरत हैं। वह गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एक माह पूर्व उदयपुर से अपने पैतृक गांव कोठिया जलालपुर आए थे। मंगलवार को वह वापस उदयपुर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।सूचना मिलते ही एक्सप्रेस-वे सुरक्षा टीम एवं पवई पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई भेजा गया तथा मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई। मृतक महिपाल सिंह एक पुत्र व एक पुत्री के पिता थे। थानाध्यक्ष पवई राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घायल का उपचार कराया जा रहा है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

