-गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश
चित्रकूट 7 अप्रैल (आरएनएस)। डीएम पुलकित गर्ग एवं एसपी अरुण कुमार सिंह द्वारा मंगलवार को संयुक्त रूप से निर्माणाधीन संकुल भवन (जिला सूचना कार्यालय) का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस भवन के निर्माण के लिए 484.55 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण कार्य आवास विकास परिषद, बांदा द्वारा कराया जा रहा है। डीम ने मौके पर लगाए जा रहे ग्रेनाइट की गुणवत्ता की जांच की। ठेकेदार द्वारा आश्वस्त किया गया कि निर्माण में उच्च श्रेणी की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। जिला सूचना अधिकारी सुरेन्द्र कुमार को निर्देशित किया गया कि भवन में उपयोग होने वाले विद्युत उपकरण मानक के अनुरूप एवं उच्च गुणवत्ता के हों।
डीएम ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि टॉयलेट की ढलान सही दिशा में होनी चाहिए। ताकि भविष्य में लीकेज या जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। कहा कि निर्माण कार्य में लगे सभी मजदूरों का श्रम विभाग में पंजीकरण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया गया कि मैनपावर बढ़ाकर शासन की गाइड लाइन के अनुसार निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करें। साथ ही अधूरी बाउंड्रीवॉल को भी शासन की मंशा के अनुरूप जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय सहायक अभियंता कृष्ण कुमार, अवर अभियंता रोहित सिंह, ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

