– सड़क चैड़ीकरण में बदलाव की मांग
सीतापुर 7 अप्रैल (आरएनएस)। ऐतिहासिक और आस्था से जुड़े महाराजा छीता पासी किला की सुरक्षा को लेकर भारतीय जनता पार्टी के विधायकों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यह मामला भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा सड़क चैड़ीकरण के लिए किले से संबंधित प्रबंधकों को जारी प्रारंभिक नोटिस के बाद सामने आया है। भाजपा पदाधिकारियों ने ज्ञापन में मांग की कि इस संवेदनशील विषय पर गंभीरता से विचार किया जाए और एनएचएआई के साथ समन्वय कर ऐसा समाधान निकाला जाए, जिससे किले की संरचना सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि महाराजा छीता पासी किला पासी समाज की पौराणिक आस्था का प्रतीक है और इसकी सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह सभी समाजों की धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों का सम्मान करती है। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि सड़क चैड़ीकरण की प्रक्रिया में आवश्यक बदलाव किए जाएं, ताकि किले को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। इस पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक रामकृष्ण भार्गव, मनीष रावत सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक भी शामिल हुए। जिन्होंने एक स्वर में किले की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की मांग की।
इनसेट
किले को किसी भी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचाई जाएगी और निर्माण कार्य के दौरान सभी आस्थाओं का पूरा सम्मान रखा जाएगा।
– प्रमोद कुमार
अभियंता
एनएचएआई
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

