हरगांव/सीतापुर 7 अप्रैल (आरएनएस)। कांग्रेस पार्टी द्वारा मंगलवार को ‘संविधान बचाओ संवादÓ कार्यक्रम का आयोजन लहरपुर मार्ग स्थित गायत्री मैरिज लॉन में किया गया। कार्यक्रम में सांसद राकेश राठौर ने हरगांव, मिश्रिख और लहरपुर विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। उन्होंने हरगांव से विष्णु गौतम, मिश्रिख से सुनीता चैधरी और लहरपुर से जलीस अंसारी को उम्मीदवार घोषित किया। मुख्य अतिथि राजेंद्र पाल गौतम ने अपने संबोधन में संविधान की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान किया। सांसद ने कहा कि इस बार पार्टी नए और मजबूत चेहरों को मौका देगी। कार्यक्रम में भाजपा की नीतियों की आलोचना करते हुए बदलाव का दावा किया गया। इस दौरान कई कार्यकर्ता मौजूद रहे और अंत में जिला प्रवक्ता एहितशाम बेग ने कार्यक्रम का समापन किया।
इनसेट
हरगांव में कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान उजागर, मंच से दूसरे प्रत्याशी की घोषणा==
हरगांव। कांग्रेस के ‘संविधान बचाओ संवादÓ कार्यक्रम में प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही पार्टी के अंदरूनी मतभेद भी खुलकर सामने आ गए। हरगांव सीट से जहां जिलाध्यक्ष ममता वर्मा अपनी दावेदारी जता रही थीं, वहीं मंच से सांसद राकेश राठौर ने विष्णु गौतम को प्रत्याशी घोषित कर कार्यकर्ताओं से उनके समर्थन की अपील कर दी। इससे स्थानीय संगठन में हलचल मच गई। कार्यक्रम में लगे फ्लेक्स और होर्डिंग में जिलाध्यक्ष ममता वर्मा का नाम और फोटो गायब होना चर्चा का विषय बना रहा। वहीं, पुराने कांग्रेसी नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं की गैरमौजूदगी ने भी कई सवाल खड़े कर दिए। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि टिकट को लेकर चल रही खींचतान अब सार्वजनिक हो गई है। मंच से की गई घोषणा और स्थानीय नेतृत्व की अनदेखी ने यह संकेत दे दिया है कि हरगांव सीट पर कांग्रेस के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
इनसेठ
पार्टी में कोई मनमुटाव नहीं, हम संगठन के अनुसार काम कर रहे
हरगांव। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ममता वर्मा ने कहा कि पार्टी में कुछ नए लोग जुड़े हैं, जिनकी विचारधारा कम्युनिस्ट रही है और वे संगठन को दरकिनार कर खुद को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह शीर्ष नेतृत्व और संगठन की विचारधारा के अनुसार काम कर रही हैं। ममता वर्मा ने कहा कि पार्टी के भीतर किसी प्रकार का आपसी मनमुटाव नहीं है और सभी कार्यकर्ता मिलकर संगठन को मजबूत करने में लगे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

